राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ

बरेली,28 अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में “खेलो इंडिया, जीतेगा भारत” थीम पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान का आयोजन 28 से 30 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन विश्वविद्यालय के पं. दीन दयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जा रहा है।

राज्यपाल/कुलाधिपति महोदया के निर्देशों तथा भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र-बिंदु “एक घंटा खेल के मैदान में” रखा गया है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
तीन दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन बैडमिंटन एवं योग की गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं खेल भावना देखने को मिली।
आयोजन के आगामी दिनों में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को भी प्रोत्साहित किया गया है।
-------------------------------------------------------------------------------------------
विश्वविद्यालय के खेल सचिव प्रो. एस.एस. बेदी ने कहा कि “खेलो इंडिया, बढ़ेगा इंडिया” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त युवा पीढ़ी के निर्माण का संकल्प है। विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में सहभागिता करें।
खेल विद्यार्थियों को स्वस्थ शरीर के साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना प्रदान करते हैं।उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्यों तथा विश्वविद्यालय के सभी प्रशिक्षकों (Coaches) के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने और विश्वविद्यालय परिसर में नियमित खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में पूरी टीम निरंतर प्रयासरत है।
तीन दिवसीय आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का संदेश प्रसारित किया जा रहा है तथा विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में खेल को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

