आईवीआरआई में डेयरी फार्मिंग एवं दुग्ध प्रसंस्करण से उद्यमिता विकास पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

बरेली,23 अगस्त । भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज़्ज़तनगर में एग्री बिजनेस इंक्यूबेशन सेन्टर द्वारा आयोजित प्रशिक्षण “डेयरी फ़ार्मिंग एवं दुग्ध प्रसंस्करण से उद्यमिता विकास” का कल समापन हो गया । इस पाँच दिवसीय प्रशिक्षण में उत्तर प्रदेश, बिहार एवं मध्य प्रदेश के कुल 30 प्रशिक्षुओं ने प्रतिभागिता की।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि संस्थान की संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) डॉ॰ रूपसी तिवारी ने कहा कि सभी डेयरी व्यवसायियों को पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य करवाना चाहिए जिससे कि विभिन्न रोगों से पशुओं की रक्षा हो सके । इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने अपने फीडबैक में प्रशिक्षण कार्यक्रम को बेहतर बनाने के सुझाव दिये ।
समापन समारोह में सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए । इस अवसर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग करने वाले पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ॰ अरूप रतन सेन, पशुधन उत्पादन एवं प्रबन्धन अनुभाग के प्रभारी डॉ॰ मुकेश सिंह, वैज्ञानिक डॉ॰ सागर चन्द ने भाग लिया । कार्यक्रम का संचालन एग्री बिजनेस इंक्यूबेशन सेन्टर के प्रमुख अन्वेषक डॉ॰ बबलू कुमार ने की । बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------------------


