उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, दिल्ली समेत इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी समेत पूरे उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर की मार से पूरे उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार के नागरिक बेहाल हैं। वहीं, दिल्ली की सर्दी के के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। जिसके चलते मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।

इस बीच, मौसम विभाग ने कहा है कि, इंडो गंगेटिक प्लेन इलाकों में सतह के निकट हल्की हवाओं और उच्च नमी की वजह से अगले तीन दिन कोहरा बेहद घना होगा, यानी विजिबिलिटी जीरो मीटर हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश में भी कोहरा आने वाले दो से तीन दिन जमकर कहर ढाने वाला है।

दिल्ली समेत इन राज्यों में रेड अलर्ट, राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामनी ने कहा कि, दिल्ली में सफदरजंग में आज 1.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में दिन का तापमान भी 15-17 डिग्री है। राजस्थान के चूरू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस है। 10 जनवरी के बाद से देश में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने आगे कहा कि, 10 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए ठंड का रेड अलर्ट, राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि, यहां बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। 10 जनवरी से कोई शीत लहर नहीं होगी। जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हम इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि 10 जनवरी की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। इसलिए 10 जनवरी की रात से घने कोहरे और शीतलहर की ये सभी स्थितियां समाप्त हो जाएंगी।

बिहार ने बढ़ाई स्कूलों की छुट्टिया
गौरतलब है कि, कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार से गुजरने वाली राजधानी और दुरंतो एक्सप्रेस सहित तमाम ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। पटना प्रशासन को यहां तीसरी बार स्कूलों की छुट्टी बढ़ानी पड़ी है। यहां पर 14 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। पटना में हाल बुरा है। पटना में शीतलहर के हालात को देखते हुए जिला अधिकारी ने 10वीं तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है।

गाजियाबाद में 11 जनवरी तक स्कूल बंद
यूपी के गाजियाबाद में शीतलहर की वजह से कक्षा एक से आठवीं तक के स्कूल 11 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, मैनपुरी जिले में 14 जनवरी 2023 तक कक्षा 8 तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। गौरतलब है कि उत्तर भारत में जारी शीतलहर को देखते हुए इस जिले के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। 16 जनवरी, 2023 को स्कूलों के फिर से खुलने की उम्मीद है।

पंजाब में घने कोहरे से नागरिक बेहाल
वहीं पंजाब में भी घने कोहरे और ठंड ने नागरिक बेहाल है। प्रदेश के जालंधर और पठानकोट में कोहरा तीन दिन से जमकर कहर ढा रहा है। इस वजह से ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब के लुधियाना में पारा 5.3 डिग्री। वहीं, अमृतसर में 6.6 डिग्री दर्ज किया गया।

राजस्थान में भी ठंड बढ़ी
रेतीला राजस्थान भी ठंड की वजह से कांप रहा है। सर्दी से बचने के लिए लोग घरों में दुबके हैं। सीकर में पारा शून्य से आधा डिग्री नीचे है। दो हफ्ते में सात बार बार पारा शून्य से नीचे जा चुका है। जयपुर के सरकारी और निजी स्कूल 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। जयपुर जिलाधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने आदेश जारी कर कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का शीतकालीन अवकाश 14 जनवरी तक बढ़ा दिया है। हालांकि स्कूलों में परीक्षाएं कराई जा रही हैं। परीक्षा के समय में कोई बदलाव नहीं होगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper