चक्रवात के कारण खिसका मानसून, 2-3 दिनों में दिल्ली में होगा ठंड का अहसास; उत्तराखंड में रेड अलर्ट

नई दिल्ली। विदाई की बेला में सक्रियता दिखा रहे मानसून ने उत्तर भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। यूपी में बीते 24 घंटे में बारिश से 11 लोगों की मौत हो गई। फसलों को काफी नुकसान पहुंचा। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों ने कहा, चक्रवात ने मानसून को आगे खिसका दिया है। दिल्ली-एनसीआर में भी 10 अक्तूबर तक बारिश के आसार हैं। मौसम के बदले मिजाज से महंगाई भी और बढ़ेगी।

चीन सागर में नोरु तूफान की वजह से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र और चक्रवाती हवाएं चल रही हैं, इस कारण बारिश हो रही है। यह सिलसिला मध्य अक्तूबर तक जारी रहने का अनुमान है। दिल्ली एनसीआर सहित पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, यूपी, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट आईएमडी ने जारी किया है।

लखनऊ में 24 घंटे में 73.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच भी देर से शुरू हो सका। आकाशीय बिजली गिरने से बाराबंकी में दो, सुलतानपुर, अयोध्या, फतेहपुर, महोबा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, टीन शेड गिरने से बाराबंकी में एक महिला और मकान गिरने से रायबरेली में दो लोगों की मौत हो गई। चित्रकूट में दो लोगों की मौत बारिश के कारण हुए हादसे में हो गई।

पहाड़ों पर यात्रा से बचें
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई कि वह पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से बचें। नौ और दस अक्तूबर को भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पहले सूखा, अब बारिश
मानसून के चार महीनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्य सूखे की चपेट में रहे, क्योंकि उस दौरान बारिश बहुत कम हुई। लेकिन, जब मानसून की विदाई का वक्त शुरू हुआ तो यहां झमाझम पानी बरसने लगा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश समेत पूर्व और मध्य भारत में मानसून अभी सक्रिय है। 10 अक्तूबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने ‘हिन्दुस्तान’ से कहा कि यूपी में कई दिनों से हो रही बारिश मानसून की सक्रियता के चलते है। मानसून मध्य-पूर्व में भी जारी है। पांच अक्तूबर तक मानसून समूचे यूपी और 10 अक्तूबर तक बिहार-झारखंड से भी विदा हो जाता है। इस बार प्रक्रिया एक हफ्ते विलंब से चल रही है।

राजस्थान में भी देरी
मानसून छंटने की प्रक्रिया राजस्थान से 17 सितंबर से शुरू होती है। इस बार 20 से शुरू हुई। 20-28 सितंबर के बीच प्रक्रिया बेहद धीमी रही तथा कुछ ही क्षेत्रों से मानसून ने विदाई ली।

दिल्ली में दो-तीन दिन में बढ़ेगा ठंड का अहसास
दिल्ली में अगले दो-तीन दिनों में ठंड का अहसास बढ़ेगा। गुरुवार को भी दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper