उत्तर प्रदेश

• जनता की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता, शिथिलता बरतने पर अधिकारियों पर होगी कठोर कार्रवाई: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, 22 सितम्बर 2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग, लखनऊ पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। एसजीपीजीआई, लखनऊ में उपचार करा रहे श्री मुकुन्द पाण्डेय तथा जनपद जौनपुर निवासी हृदय रोग से पीड़ित श्री विकास तिवारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। उपमुख्यमंत्री जी ने ऐसे प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए जरूरतमंदों को यथासंभव शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के अधिकारीयों को निर्देश दिए।

इसी क्रम में संतकबीर नगर निवासी श्री धर्मेन्द्र कुमार गौड़ द्वारा बारात घर निर्माण कराये जाने, प्रतापगढ़ निवासी श्री इन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा ग्रामीण मार्ग का निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित श्रीमती कलावली, श्रीमती गुड्डी एवं श्रीमती सरिता कुमारी, लखीमपुर खीरी के प्रकरण तथा पीलीभीत निवासी श्रीमती रिंकी एवं श्रीमती शकुन्तला देवी और बाराबंकी निवासी श्रीमती शीला देवी द्वारा आवास एवं शौचालय से संबंधित अनुरोध प्रस्तुत किए गए। चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज, प्रतापगढ़ के अध्यक्ष श्री महाबली सिंह ने कॉलेज परिसर में हाईमास्ट लाइट लगाए जाने का अनुरोध किया गया।

श्री मौर्य ने जनता दर्शन में प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर केवल औपचारिकता तक सीमित न रहते हुए तत्काल अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी कौशाम्बी, लखनऊ एवं अमरोहा, पुलिस अधीक्षक उन्नाव, मंडलायुक्त झांसी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से बात कर प्रकरणों में नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जनहित में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करने के लिखित एवं मौखिक निर्देश दिए।

-------------------------------------------------------------------------------------------

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा, उनकी समस्याओं का समाधान और जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर सहायता उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जनता दर्शन के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा प्राप्त प्रत्येक शिकायत और अनुरोध का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए युवा, महिला, किसानों ने अपनी समस्याएं एवं अनुरोध पत्र प्रस्तुत किए।

रतन सिंह, सूचना अधिकारी, उप मुख्यमंत्री

---------------------------------------------------------------------------------------------------