सोशल मीडिया पर दोस्‍ती, पार्टी के बहाने होटल ले जाकर दो सहेलियों से किया रेप; जांच में जुटी पुलिस

Rape In Hotel Room: प्रयागराज में रूम पार्टनर के रूप में रहने वाली दो सहेलियों की सोशल मीडिया पर कुछ लड़कों से दोस्‍ती हो गई। आरोप है कि इन्‍हीं दोस्‍तों ने पार्टी के बहाने वाराणसी के होटल में ले जाकर उनके साथ रेप कर दिया। दोनों लड़कियों ने यू-ट्यूबर सुमित और प्रियांशु के अलावा नितीश, सम्राट और निकी नाम के लड़कों के खिलाफ रेप, मारपीट, छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में जार्जटाउन थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने रविवार को दोनों पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया। आरोपी मोबाइल बंद करके फरार हैं। जांच के लिए पुलिस की एक टीम वाराणसी गई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां रूम पार्टनर हैं। दोनों में से एक की दोस्‍ती यू-ट्यूबर सुमित से थी। उसकी रूम पार्टनर भी फिल्मों में काम की इच्‍छुक थी। इसी मकसद से उसकी भी नजदीकी हो गई। लड़कियों के मुताबिक शनिवार को सुमित और उसके दोस्‍तों ने एक पार्टी रखी थी। उन्हें सिविल लाइंस स्थित होटल में बुलाया था। सम्राट नाम का एक लड़का उन्‍हें बुलाने आया था। पार्टी में शामिल होने के लिए दोनों अल्लापुर पहुंचीं तो लड़कों ने उन्‍हें रिसीव किया और कार में बि‍ठा लिया। आरोप है कि रास्ते में कोल्ड ड्रिंक और बीयर में कुछ मिलाकर लड़कों ने दोनों को पिला दिया। इससे एक लड़की बेहोश हो गई। कार में ही दोनों सहेलियों के साथ लड़के अश्लीलता करने लगे। अब तक होश में रही लड़की ने विरोध जताया तो एक लड़के ने उसे थप्पड़ मार दिया। फिर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान वह भी बेहोश हो गई। होश आया तो वह वाराणसी के किसी होटल के कमरे में थी। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। प्रियांशु नाम का एक लड़का भी बिना कपड़ों के उसके साथ था।

बाद में पता चला कि उसी होटल के दूसरे कमरे में उसकी सहेली थी। लड़की ने अपनी सहेली को लाइव लोकेशन भेजकर मदद मांगी। इस दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस को दी तहरीर में एक सहेली ने प्रियांशु नाम के लड़के पर रेप का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी सहेली ने आरोपी का नाम नहीं बताया है लेकिन उसने भी रेप का आरोप लगाया है। लड़कियों का कहना है कि आरोपी किसी तरह वाराणसी के होटल से उन्‍हें प्रयागराज ले आए। वे रास्ते भर दोनों सहेलियों का मजाक उड़ा रहे थे। दोनों ने पुलिस को यह भी बताया कि सम्राट उन्हें बुलाकर ले गया था। चर्चा है कि हिरोइन बनाने का सपना दिखाकर रेप किया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper