कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ा, डल झील और घाटी के जलस्रोत जम गए, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

श्रीनगर: कश्मीर घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। 40 दिवसीय चिलेकलां ने अपने पंजे कसते हुए घाटी में ठंड और बढ़ा दी है। डल झील समेत घाटी के तमाम जलस्रोत आंशिक तौर पर जम गए हैं। मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले 24 घंटों में भी शुष्क मौसम के बीच भीषण ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।

घाटी के विभिन्न क्षेत्रों का तापमान:
दक्षिणी कश्मीर का शौपियां -7.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र बना। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पहलगाम -7.6, श्रीनगर हवाई अड्डा -7.4, अनंतनाग -7.1, सोपोर -6.8, रफीआबाद और गुलमर्ग -7.2, पुलवामा -7.5, बारामूला -5.7, बांडीपुर -5.2, सोनमर्ग -5.4 और कूलगाम -3.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
लद्दाख में भी जारी कड़ाके की ठंड:
लद्दाख में करगिल में न्यूनतम तापमान -10.2 और लेह में -8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट के कारण झेलम और डल झील समेत अधिकांश जलस्रोत जम गए हैं। श्रीनगर की डल झील के किनारे भी पानी की सतह पर बर्फ जम चुकी है, जिसमें शिकारा वाले तड़के बर्फ तोड़ते हुए दिखाई दिए।

मौसम विभाग की चेतावनी:
मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान घाटी में भीषण ठंड और शुष्क मौसम जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 20 जनवरी तक मौसम में कोई विशेष बदलाव आने की संभावना नहीं है। चिलेकलां ने 10 जनवरी को अपनी 40 दिवसीय पारी के 20 दिन पूरे कर लिए हैं।

