महाशिवरात्रि व आगामी त्यौहारों को सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी बैठक का हुआ आयोजन

बरेली, 11 फरवरी। अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में कल महाशिवरात्रि आगामी त्यौहारों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के सम्बन्ध में पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में आगामी त्यौहारों को लेकर क्षेत्रवार लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गयी और सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में आयोजकों द्वारा शोभायात्रा के दौरान लाईट आपूर्ति सुचारू रखने, मांस-मदिरा की दुकानें शोभायात्रा के दौरान बंद कराने, आवासीय क्षेत्र की पतली गलियों में लटकी विद्युत केबिल को सही कराने आदि के बारे में अनुरोध किया गया। धोपेश्वर नाथ मंदिर के महंत द्वारा जानकारी दी गयी कि मंदिर प्रांगण में निर्माण कार्य पर्यटन विभाग के अन्तर्गत संचालित है, जिस कारण निर्माण सामग्री फैली हुई है, जिससे महाशिवरात्रि पर आने वाले भक्तगणों को असुविधा हो सकती है। उक्त सभी समस्याओं के निस्तारण हेतु सम्बंधित विभागों के अधिकारियों निर्देशित किया गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सातों प्रमुख शिव मंदिरों पर एम्बुलेंस, फायर बिग्रेड की गड़ियां की व्यवस्था तथा जलकुंड वाले मंदिरों में गोताखोरों की तैनाती आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शोभायात्रा के आयोजकों को भी निर्देश दिए गए कि शोभायात्रा में जो गाड़ियां लगायी जाएं उनकी फिटनेस भी चेक करा ली जाए, जिससे वे बीच यात्रा में खराब ना हो तथा शोभायात्रा निकलने के समय का विशेष ध्यान दिया जाए, शोभायात्रा का जो समय सम्बंधित थाने को नोट कराया जाए उसी समय पर निकाली जाएं। शोभायात्रा के दौरान डीजे आदि के लिए निर्धारित नियमों का पालन किया जाए तथा डीजे पर महौल खराब करने वाले गाने ना बजाए जाएं।

बैठक में निर्देश दिए गए कि मंदिर में प्रवेश व निकास द्वार अलग-अलग बनाए जाएं, मंदिर का फर्श फिसलन भरा ना हो इस बात का ध्यान रखा जाए, मंदिर प्रांगण में विद्युत तार खुले में ना रहें और मंदिर प्रांगण को साफ-सुथरा रखा जाए तथा मंदिर के जो सीसीटीवी कैमरे खराब हो उन्हें समय रहते ठीक करा लिया जाएं।
बैठक में निर्देश दिए गए कि महाशिवरात्रि के पर्व पर बड़े झूले बिना अनुमति के ना लगाए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था की विशेष ध्यान रखा जाए तथा झूले का मैकेनिकल/इलेक्ट्रीकल सार्टिफिकेट अवश्य लिया जाए। पार्किंग स्थान सुनिश्चित कर लें। निर्देश दिए गए कि शोभायात्रा के रुटों का पहले से भ्रमण कर देख लें कि कहीं कोई समस्या तो नहीं है।
बैठक में निर्देश दिए गए कि थानावार पीस कमेटी की बैठक अवश्य कर ली जाए तथा पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी जाएं। आयोजकों के पास अपने क्षेत्र के पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों के नम्बर होने चाहिए, जिससे असुविधा की स्थिति में सम्पर्क किया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक नार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक क्राइम, सीओ एलआईयू, उपजिलाधिकारी सदर, नवाबगंज, फरीदपुर, मीरगंज, बहेड़ी सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


