Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

थाना मोतीगंज पहुंचे एसपी विनीत जायसवाल, वार्षिक निरीक्षण में पुलिस व्यवस्था और अभिलेखों की परखी हकीकत

गोण्डा: पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को थाना मोतीगंज का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर से लेकर महिला हेल्प डेस्क, शस्त्रागार, विवेचना कक्ष और कार्यालय अभिलेखों तक की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक को गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेखों के रख-रखाव, विवेचना कक्ष और अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया। एसपी ने थाना परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने तथा सभी कार्यालयी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।

शस्त्रों की कार्यक्षमता भी परखी गई

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार में रखे हथियारों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों को खोलने और बंद करने की प्रक्रिया कराकर उनकी कार्यक्षमता की जांच भी कराई गई।

पुलिस कर्मियों के भोजन की गुणवत्ता पर भी जोर

एसपी विनीत जायसवाल ने भोजनालय कक्ष का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों के लिए गुणवत्तायुक्त और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली।

महिला हेल्प डेस्क पर संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश

मिशन शक्ति कक्ष और महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने घरेलू हिंसा और महिला अपराधों से जुड़े मामलों में पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं की काउंसलिंग के दौरान संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

एसपी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बीट पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण पर समीक्षा

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर का अवलोकन कर अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही बीट आरक्षियों की बीट बुक चेक कर उनके कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी ली।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा, प्रभारी निरीक्षक मोतीगंज सहित थाना के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------