बिजनौर में पुलिस टीम पर हमला, दरोगा की पिस्टल छीनने की कोशिश; जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चोरी की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के जंदरपुर गांव में हुई इस घटना के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गांव में एक संदिग्ध चोर के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम पूछताछ के लिए जंदरपुर गांव पहुंची। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि भीड़ ने पुलिस वाहन पर हमला किया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
दरोगा की पिस्टल छीनने की कोशिश
वीडियो में एक दरोगा भीड़ के बीच घिरा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि जब दरोगा ने खुद को बचाने के लिए पिस्टल निकाली, तो भीड़ ने उसे छीनने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस टीम काफी देर तक असहाय नजर आई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी मौके से भागकर अपनी जान बचाते दिखाई दिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दूसरी पुलिस टीम पहुंचने पर काबू हुए हालात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की अतिरिक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद हालात को किसी तरह नियंत्रण में लिया गया। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसपी सिटी ने कही ये बात
इस मामले में एसपी सिटी कृष्ण गोपाल ने बताया कि 27 मई की रात करीब साढ़े 9 बजे थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर विनय और कांस्टेबल सन्नी मलिक चोरी के एक मामले में संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ करने गांव गए थे।
उन्होंने कहा कि इसी दौरान जंदरपुर गांव के कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
