उत्तर प्रदेश

गोण्डा में सिंचाई विभाग और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद, विधायकों ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं

गोण्डा : सिंचाई विभाग के फील्ड हॉस्टल में शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता पंचदशम मंडल, सिंचाई कार्य द्वारा जनपद गोण्डा और बहराइच के जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नहरों, ड्रेनों और बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सभागार में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्रों में संचालित सिंचाई विभाग की परियोजनाओं और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई।

विधायकों ने रखीं क्षेत्र की समस्याएं

बैठक में गोण्डा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा पयागपुर, कटरा बाजार और मेहनौन विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नहरों की सफाई, ड्रेनों की स्थिति, सिंचाई व्यवस्था और बाढ़ सुरक्षा कार्यों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। इस पर अधीक्षण अभियंता ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सिंचाई विभाग के अधिकारी भी रहे मौजूद

संवाद कार्यक्रम में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्गेश गर्ग, दीपक कुमार, सतीश कुमार, मयंकराज और जयसिंह सहित विभिन्न खंडों के सहायक अभियंता भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को विभागीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------