Thursday, July 16, 2026
उत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय में बीएचएमसीटी (होटल मैनेजमेंट) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रारम्भ : कम शुल्क में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और शानदार रोजगार के अवसर

बरेली,12 जुलाई।महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय बीएचएमसीटी (Bachelor of Hotel Management & Catering Technology) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। यह एआईसीटीई (AICTE) द्वारा अनुमोदित डिग्री कार्यक्रम आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग में उज्ज्वल करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।

विश्वविद्यालय के इस प्रतिष्ठित पाठ्यक्रम में कला, विज्ञान अथवा वाणिज्य किसी भी संकाय से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश के लिए पात्र हैं। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।

विभागाध्यक्ष ने बताया कि पाठ्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। अध्ययन के दौरान विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटलों में छह माह का इंडस्ट्रियल प्रशिक्षण कराया जाता है, जिससे उन्हें वास्तविक कार्यानुभव प्राप्त होता है। यही कारण है कि विभाग के अधिकांश विद्यार्थियों को चतुर्थ वर्ष पूर्ण होने से पहले ही देश-विदेश के अग्रणी होटल समूहों, क्रूज़ लाइन्स, एयरलाइंस तथा हॉस्पिटलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हो जाते हैं।

विभाग में विद्यार्थियों के लिए फूड प्रोडक्शन लैब, फूड एंड बेवरेज सर्विस लैब, हाउसकीपिंग लैब, फ्रंट ऑफिस लैब, मॉडल गेस्ट रूम, विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस, पुस्तकालय, छात्रावास, खेल सुविधाएँ तथा अन्य आधुनिक संसाधनों सहित विश्वस्तरीय अधिगम वातावरण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही विद्यार्थियों को ‘लर्न एंड अर्न’ योजना के अंतर्गत विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में कार्यानुभव अर्जित करने का अवसर भी मिलता है।

पाठ्यक्रम की वार्षिक फीस मात्र ₹35,000 निर्धारित की गई है। पात्र विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त होने से अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह पाठ्यक्रम अत्यंत किफायती बन जाता है। विभाग में व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल एवं उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जाता है, जिससे विद्यार्थी वैश्विक हॉस्पिटलिटी उद्योग की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से इस रोजगारपरक पाठ्यक्रम का लाभ उठाने का आग्रह करते हुए कहा है कि कम लागत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और उत्कृष्ट प्लेसमेंट की दृष्टि से बीएचएमसीटी एक अत्यंत आकर्षक विकल्प है।

कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा, “होटल एवं आतिथ्य उद्योग विश्वभर में तीव्र गति से विकसित हो रहा है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग के अनुरूप दक्ष, आत्मविश्वासी और रोजगारोन्मुख पेशेवर बनाना है। विश्वविद्यालय का होटल मैनेजमेंट विभाग आधुनिक प्रशिक्षण, उत्कृष्ट उद्योग सहभागिता और व्यावहारिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।”

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके परिचय में कोई योग्य छात्र-छात्रा होटल प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता है, तो उसे इस पाठ्यक्रम की जानकारी अवश्य दें तथा समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------