जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल के दौरान हंगामा, अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही; कार्यक्रम में मची अफरा-तफरी
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय अचानक हंगामा खड़ा हो गया, जब भूख हड़ताल पर बैठे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी। घटना के वक्त अभिजीत दीपके मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिजीत दीपके अपने संबोधन में व्यस्त थे, तभी एक महिला अचानक उनके करीब पहुंची और उन पर स्याही फेंक दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ पल के लिए वहां मौजूद लोग समझ ही नहीं सके कि आखिर हुआ क्या है।

महिला को मौके पर ही रोका गया
घटना के तुरंत बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समर्थकों और अन्य लोगों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और मौजूद लोगों ने महिला को तत्काल रोक लिया। इस घटनाक्रम के चलते कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर ली गई।
कारण का अब तक नहीं हुआ खुलासा

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि महिला ने अभिजीत दीपके पर स्याही क्यों फेंकी और उसके पीछे क्या वजह थी। घटना को लेकर आधिकारिक तौर पर भी किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जंतर-मंतर पर हाल के दिनों में विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन चल रहे हैं। इसी बीच हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
