Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

सोनभद्र में सर्राफा व्यापारी से 60 लाख की लूट, विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली और चाकू मारकर किया घायल

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शनिवार देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने हवा में फायरिंग की और व्यापारी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ से लौटते समय जंगल में घेरकर वारदात को दिया अंजाम

बभनी थाना क्षेत्र के चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार सेठ शनिवार शाम छत्तीसगढ़ से गहनों का स्टॉक लेकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। बभनी थाना प्रभारी डी.पी. यादव के अनुसार, जैसे ही व्यापारी सोनभद्र-छत्तीसगढ़ सीमा के पास शीशटोला जंगल क्षेत्र में पहुंचे, तीन बदमाशों ने उन्हें घेरकर रोक लिया।

300 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

बदमाश व्यापारी का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 300 ग्राम सोने के गहने, 8 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद और दुकान के बही-खाते रखे हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है।

विरोध करने पर फायरिंग, फिर चाकू से किया हमला

व्यापारी ने जब लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने पहले हवा में गोली चलाई और फिर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात के बाद दो आरोपी जंगल की ओर भाग निकले, जबकि तीसरा बदमाश मोटरसाइकिल से जिगनहवा गांव की दिशा में फरार हो गया।

एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश में तीन पुलिस टीमें गठित

पुलिस ने लूट, मारपीट और फायरिंग समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घायल व्यापारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------