Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एम.जे.पी. रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पंडित दीना नाथ मिश्र इंटर कॉलेज में कारगिल विजय दिवस पर देश भक्ति कविता प्रतियोगिता का आयोजन

बरेली,27 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पं. दीना नाथ मिश्र इंटर कॉलेज में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह की प्रेरणा से देशभक्ति की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से कविता गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती मनप्रीत कौर ने किया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान पर आधारित देशभक्ति की कविताओं का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। विद्यार्थियों की ओजपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी जनों को भावविभोर कर दिया।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. पुष्पलता सिंह एवं श्री अभिषेक चौधरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. बिनीता प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन तथा देश के वीर सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------