गोंडा के विकास में सहभागी बनें जन सूचना अधिकारी, पारदर्शिता के साथ समयबद्ध सूचना देने पर जोर

गोंडा: राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री गुरुवार को गोंडा पहुंचे। उन्होंने कहा कि गोंडा तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस बदलाव में जन सूचना अधिकारियों की भी अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जुड़ी सूचनाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि कभी विकास की दौड़ में पीछे माने जाने वाला गोंडा अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में निवेश के लिए माहौल बेहतर हो रहा है और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने गोंडा में 500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ विस्तार
डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि एक समय गोंडा में मेडिकल कॉलेज की कल्पना भी नहीं की जाती थी, लेकिन अब जिले में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है। इसके अलावा इंजीनियरिंग और कृषि महाविद्यालय जैसी उच्च शिक्षण संस्थाएं भी यहां संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार विस्तार हो रहा है। स्कूल, अस्पताल, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से जिले में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
प्राकृतिक खेती और सौर ऊर्जा को बताया महत्वपूर्ण बदलाव
राज्य सूचना आयुक्त ने कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गोंडा में प्राकृतिक खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि घर-घर सौर पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रगति हो रही है।

आरटीआई को बताया पारदर्शिता और जवाबदेही का माध्यम
डॉ. अग्निहोत्री ने जन सूचना अधिकारियों से कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जन सूचना अधिकारियों को आवेदकों को नियमानुसार स्पष्ट और समयबद्ध सूचना उपलब्ध करानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सूचना व्यवस्था जितनी प्रभावी होगी, जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और संवाद उतना ही मजबूत होगा।
विकास योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाएं
राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि जन सूचना अधिकारियों की भूमिका केवल सूचना उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें विकास योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ेगी। इससे गोंडा की विकास यात्रा को भी और गति मिल सकती है।
