सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में मंडलायुक्त का सख्त निर्देश, राजस्व लक्ष्य 100% पूरा करें अधिकारी; 1 लाख स्टडी टेबल बांटने पर जोर

गोण्डा: देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में मंगलवार को सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों और कर-करेत्तर राजस्व वसूली की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में चल रही विकास योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और विभागवार राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, उन्हें विशेष कार्ययोजना तैयार कर स्थिति में सुधार लाने को कहा गया।
डैशबोर्ड पर आंकड़े समय से अपडेट कराने के निर्देश
विभागीय रैंकिंग और प्रगति की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की प्रगति की नियमित निगरानी करें और सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़ों को समय से अपडेट कराएं। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्थिति में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए और उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ मिले। जनशिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
निर्माणाधीन परियोजनाएं तय समय में पूरी हों
मंडलायुक्त ने चारों जिलों की विकास और राजस्व संबंधी प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को गति देना और आम लोगों तक उनका अधिकतम लाभ पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा। निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की जांच करने को कहा गया।
पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का हस्तांतरण संबंधित उपयोगकर्ता विभाग को जल्द कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि इनका उपयोग आम जनता के लिए शुरू किया जा सके।
मंडल में 1 लाख स्टडी टेबल बांटने पर जोर
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने छात्र-छात्राओं को फोल्डेबल स्टडी टेबल का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी मंडलीय अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और जिलों से प्राप्त प्रगति की लगातार निगरानी करने के लिए कहा। अधिकारियों को समय-समय पर क्षेत्रीय भ्रमण और स्थलीय निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति देखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सामने आने वाली जनसमस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और महिलाओं से संबंधित शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश
बैठक में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने वाणिज्य कर और राज्य कर, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, खनन, विद्युत, नगर निकाय समेत अन्य संबंधित विभागों की राजस्व वसूली की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बड़े बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करते हुए बकाया राजस्व की वसूली करने को कहा गया। लक्ष्य के मुकाबले कम उपलब्धि वाले विभागों को विशेष अभियान चलाकर राजस्व संग्रह में तेजी लाने और विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
कर चोरी और राजस्व क्षति रोकने के निर्देश
मंडलायुक्त ने कर चोरी और राजस्व क्षति की संभावनाओं को रोकने के लिए नियमानुसार जांच और प्रवर्तन कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रह के कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
बैठक में चारों जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, संबंधित मंडलीय अधिकारी, जनपदीय अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
