जनता दर्शन में पहुंची राशन कार्ड की शिकायत, जांच के बाद चार लाभार्थियों को जिलाधिकारी ने सौंपे राशन कार्ड

गोण्डा: कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विकासखंड झंझरी के ग्राम इमरती विसेन की चार महिलाओं ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के सामने राशन कार्ड से जुड़ी समस्या रखी। बीनू सिंह पत्नी संतोष सिंह, रेशमा पत्नी मोहम्मद असलम, संगीता पत्नी कृष्ण कुमार पाण्डेय और मौना देवी पत्नी सालिकराम ने बताया कि उनके परिवारों की आय का कोई नियमित जरिया नहीं है। इसके चलते परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने पात्रता के आधार पर राशन कार्ड जारी कराने का अनुरोध किया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को सभी आवेदकों की पात्रता की जांच कराने और नियमानुसार राशन कार्ड जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभाग ने चारों आवेदकों की पात्रता की जांच की।
पात्र पाए जाने पर तैयार कराए गए राशन कार्ड
जांच में नियमानुसार पात्र पाए जाने के बाद चारों लाभार्थियों के राशन कार्ड तैयार कराए गए। इसके बाद कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बीनू सिंह, रेशमा, संगीता और मौना देवी को राशन कार्ड उपलब्ध कराए।
राशन कार्ड मिलने के बाद लाभार्थियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर एआरओ खाद्य एवं रसद विभाग शिव प्रकाश त्रिपाठी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
