सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर 20 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा, पुरानी पेंशन बहाली समेत इन मुद्दों पर होगा प्रदर्शन

गोण्डा: उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला इकाई की बैठक चौधरी चरण सिंह सिंचाई डाक बंगले में जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी 20 अगस्त को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर होने वाली तिरंगा यात्रा और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला ने किया।

मंडल अध्यक्ष नरसिंह नारायण पांडे ने बताया कि कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली और गोण्डा जनपद में शासनादेश के विपरीत कर्मचारियों से जीपीएस फोटो मांगे जाने समेत अन्य मांगों को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
20 अगस्त को जिला मुख्यालय पहुंचेंगे कर्मचारी
तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष अमीर अहमद को सौंपी गई है। प्रत्येक विकासखंड से ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में कर्मचारी तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए एकत्र होकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। कर्मचारियों को दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

गांधी पार्क से अंबेडकर चौराहे तक जाएगी यात्रा
बैठक में तय किया गया कि सभी कर्मचारी गांधी पार्क में एकत्र होंगे और वहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद तिरंगा यात्रा अंबेडकर चौराहे तक पहुंचेगी, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों की ओर से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संघ के पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। बैठक में जिला महामंत्री देवमणि शुक्ला, कोषाध्यक्ष अमीर अहमद, संगठन मंत्री उधो राम गौतम, संप्रेक्षक राम रूप वर्मा, रुपईडीह ब्लॉक अध्यक्ष लखनलाल पासवान, इटियाथोक ब्लॉक अध्यक्ष लोकनाथ शुक्ला, पड़री कृपाल ब्लॉक अध्यक्ष अभिमन्यु कुमार, मुजेहना ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र पांडे समेत रघुनाथ मौर्य, सनीराम कनौजिया, रवि गोस्वामी, हरेंद्र सिंह, अतुल तिवारी, प्रदीप वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा और राम सजीवन तिवारी मौजूद रहे।
