हरियाली तीज पर श्याम मंदिर में झूमीं महिलाएं, बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां; सावन झूले रहे आकर्षण का केंद्र

गोण्डा: ददुआ बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर में शनिवार को श्री श्याम मंदिर महिला मंडल गोण्डा की ओर से सावन हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समाज की नवविवाहित और विवाहित बहू-बेटियों ने साड़ी, लहंगा और सूट समेत पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर उत्साह के साथ हिस्सा लिया। महोत्सव के लिए मंदिर परिसर को हरी पत्तियों और हरे कपड़ों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाबा खाटू श्याम जी के दरबार को तिरंगे रंगों से सजाया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री संतोष अग्रवाल ने भगवान श्री गणेश की वंदना के साथ किया। इसके बाद तीज विशेष प्रश्नोत्तरी, श्रृंगार खेल, स्मृति खेल, चूड़ी खेल, हाउजी, मजेदार पहेलियों और नृत्य समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं और बेटियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियों ने जीता दिल
महोत्सव में छोटे बच्चों ने विभिन्न गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। रोली-मोली जैन की जोड़ी के साथ अनन्या, नित्या माहेश्वरी, सनविका गर्ग और ध्रुवी अग्रवाल ने ‘कपूर गौरम करुणावतारम’, ‘रंगीली सावन आयो रे’ समेत कई गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा मंदिर परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
पूर्व मंत्री पूनम मित्तल और सुधा टेकरीवाल ने निभाई निर्णायक की भूमिका
आयोजित प्रतियोगिताओं में पूर्व मंत्री पूनम मित्तल और सुधा टेकरीवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की। कार्यक्रम के समापन पर महिला मंडल की ओर से विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन पूजा मोदी और आंचल गर्ग ने किया।
सावन झूले बने आकर्षण का केंद्र
सावन उत्सव के दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए झूले भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों ने झूला झूलकर सावन उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में श्री श्याम मंदिर महिला मंडल की अध्यक्ष मीना अग्रवाल, मंत्री संतोष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष बेनू अग्रवाल, डॉ. ऊषा अग्रवाल, नीलम जैन, नीतू गर्ग, शारदा गर्ग, वर्षा अग्रवाल, अमिता अग्रवाल, पदमा मोदी, उमा ताजपुरिया, श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका, अनूप बंसल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
