Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा में पुलिस भर्ती की डीवी/पीएसटी प्रक्रिया का एसपी ने लिया जायजा, 70 महिला अभ्यर्थियों में 66 पहुंचीं; 2 अभ्यर्थी अनफिट

गोण्डा: आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में चल रही अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण प्रक्रिया का पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने डीवी/पीएसटी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार, बायोमेट्रिक स्थल और डीवी/पीएसटी स्थल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और पूरी प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

नियमों के अनुसार ही होगी अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षा

पुलिस अधीक्षक ने परीक्षण संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि डीवी/पीएसटी के लिए निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप ही अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण किया जाए।

उन्होंने प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता नहीं होने देने के लिए संबंधित अधिकारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सतर्क और जिम्मेदार रहने के निर्देश दिए।

अभ्यर्थियों से बातचीत कर जानी उनकी स्थिति

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी सकुशलता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि यदि प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो तत्काल शिकायत दर्ज कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

31 अगस्त तक चलेगी डीवी/पीएसटी प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित 850 अर्ह अभ्यर्थियों की अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षा गोण्डा में 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित की जानी है।

17 अगस्त से शुरू हुई प्रक्रिया के तहत निर्धारित 70 महिला अभ्यर्थियों में से 66 महिला अभ्यर्थी उपस्थित हुईं, जबकि 4 अनुपस्थित रहीं। उपस्थित महिला अभ्यर्थियों में 2 को शारीरिक मानक परीक्षण में अनफिट घोषित किया गया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------