हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जनपद की तहसीलों एवं ब्लॉकों में निकली तिरंगा यात्राएं

बरेली, 14 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत आज जनपद में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न तहसीलों एवं विकास खण्डों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्राओं में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जनपद की तहसील बहेड़ी, तहसील नवाबगंज, तहसील फरीदपुर सहित विभिन्न तहसील क्षेत्रों तथा विकास खण्ड नवाबगंज, बहेड़ी, बिथरी चैनपुर सहित अन्य विकास खण्डों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। यात्राओं के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्राओं के दौरान स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी यात्राओं में लोगों ने तिरंगे का सम्मान करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि वे हर घर तिरंगा अभियान-2026 में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा अपमने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, प्रेम एवं गौरव की भावना को अभिव्यक्त करें। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
