रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में केंद्रीय अनुरक्षण सेल कार्यालय का उद्घाटन

बरेली,19 अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में कल केंद्रीय अनुरक्षण सेल (Central Maintenance Cell) के नवीन कार्यालय का उद्घाटन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह द्वारा किया गया।
केंद्रीय अनुरक्षण सेल के नवीन कार्यालय में अब विश्वविद्यालय के विद्युत, प्लंबिंग एवं सिविल अनुरक्षण से संबंधित समस्त कार्मिकों को एक ही स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। इस केंद्रीय व्यवस्था से विश्वविद्यालय परिसर में अनुरक्षण से संबंधित कार्यों के समन्वय एवं निष्पादन में अधिक सुविधा होगी तथा शिकायतों एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्यों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा कि केंद्रीय अनुरक्षण सेल के रूप में स्थापित इस एकीकृत सुविधा से अनुरक्षण संबंधी कार्यों में तेजी आएगी तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के सुचारु संचालन में भी सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेन्द्र कुमार, केंद्रीय अनुरक्षण सेल के संयोजक डॉ. अतुल कटियार, सह-संयोजक श्री दीपक राणा सहित प्रो. संजय गर्ग, प्रो. विजय बहादुर यादव, प्रो. यतेन्द्र कुमार, प्रो. जे. एन. मौर्य एवं प्रो. नवीन कुमार उपस्थित रहे।
केंद्रीय अनुरक्षण सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस नई व्यवस्था को विश्वविद्यालय में अनुरक्षण कार्यों को अधिक व्यवस्थित, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
-------------------------------------------------------------------------------------------

