Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरे अंतरिक्ष विकास के विविध स्वरूप

बरेली,20 अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में भारतीय अंतरिक्ष सप्ताह के अंतर्गत 23 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं जनसामान्य के लिए विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र द्वारा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय स्तर की ड्रॉइंग एवं पेंटिंग गतिविधि का आयोजन किया गया। इस गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भारतीय अंतरिक्ष सप्ताह की आधिकारिक वेबसाइट से ड्रॉइंग एवं पेंटिंग एक्टिविटी शीट डाउनलोड की तथा निर्धारित विषय पर चित्र बनाकर उसमें रंग भरे। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी तैयार कलाकृतियों को ऑनलाइन अपलोड किया। गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा, सृजनात्मकता और वैज्ञानिक कल्पना शीलता को चित्रों एवं रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आरोही, द्वितीय स्थान खुशी और तृतीय स्थान हिमांशु ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के चित्रों को वेबसाइट पर अप लोड भी किया जाएगा। प्रतिभागियों को उनकी सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष सप्ताह के अंतर्गत आयोजित चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच के साथ-साथ सृजनात्मक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अंतरिक्ष विज्ञान केवल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और नवाचार की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों से जुड़ते हैं और भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित होते सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि 23 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस देशभर में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों तथा जनसामान्य की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिभागियों के ज्ञानवर्धन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सृजनात्मकता को विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय ऑनलाइन वेबिनार का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा अंतरिक्ष विज्ञान, भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, चंद्रयान मिशन, उपग्रह प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष क्षेत्र में नवाचार तथा भविष्य की अंतरिक्ष तकनीकों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। सभी पंजीकृत प्रतिभागी ऑनलाइन वेबिनार में सहभागिता कर सकेंगे। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 20अगस्त 2026 है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की ऑनलाइन शपथ लेने का अवसर भी दिया जा रहा है। शपथ के माध्यम से प्रतिभागी वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे। शपथ पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। विभिन्न ऑनलाइन गतिविधियों में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय, प्रधानाचार्य डॉ .बिनीता प्रकाश, मनप्रीत कौर, डॉ .पुष्पलता सिंह,सुनीता भारती, बेबी शर्मा, अभिषेक चौधरी, ओमवीर गंगवार,अनुज बालियान तथा कल्चरल क्लब के सदस्यों का सहयोग रहा। प्रतियोगिता में हिमांशु, आरोही , खुशी , साधना, शालिनी, मुनीश, श्रेया , आकांक्षा, गीता , प्रीति आदि विद्यार्थियों ने भाग लिया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------