Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

बरेली, 20 अगस्त । नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को सकारात्मक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत, बरेली द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह के दिशा-निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम में युवाओं ने संगीत (लोकगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं माइम एक्ट, चित्रकला, वाद-विवाद, रील/शॉर्ट फिल्म मेकिंग, स्लोगन लेखन एवं स्लैम काव्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कर्नल (सेवानिवृत्त) पंकज अग्रवाल, प्रो. ए.के. सिंह एवं डॉ. ज्योति पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं प्रगति मिश्रा, सुनैना सक्सेना एवं श्रद्धा ने गीत एवं कविताओं की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रणव एवं लवी ने किया।

मुख्य अतिथि पुष्पा पाण्डेय ने कहा कि “नशा युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा को कमजोर करता है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं।” उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कला एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माय भारत द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहे हैं।

-------------------------------------------------------------------------------------------

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। स्वयंसेवकों ने पंजीकरण, अतिथि व्यवस्था, मंच संचालन, फोटोग्राफी, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।

कार्यक्रम में प्रो. रुचि गुप्ता, प्रो. ज्योति शर्मा, डॉ. आकांक्षा रस्तोगी, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. हिमशिखा यादव, डॉ. प्रियांशु अग्रवाल, डॉ. प्रिया सक्सेना, डॉ. अफसाना, डॉ. विश्वदीप, डॉ. रफ्फान अली, डॉ. शोभा कुदेशिया, डॉ. अनिल कुमार बिष्ट, डॉ. विमल कुमार, तपन कुमार, हिमांशी एवं समाजसेवी भूपेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने एक स्वर में नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------