दुर्घटना बीमा क्लेम में एक साल से ज्यादा की देरी पर शिक्षक संगठन नाराज, बैंक को 15 दिन का अल्टीमेटम

गोण्डा: स्वर्गीय सत्यदेव वर्मा के दुर्घटना बीमा क्लेम का भुगतान एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी नहीं होने पर उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई है। संगठन के प्रांतीय संयुक्त मंत्री श्री पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, देवीपाटन मंडल गोण्डा के क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों के भीतर क्लेम की धनराशि का भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया है।

स्वर्गीय सत्यदेव वर्मा, सहायक अध्यापक, कम्पोजिट विद्यालय जोगापुर, मनकापुर की 25 फरवरी 2025 को एक वैवाहिक कार्यक्रम में जाते समय सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनका वेतन खाता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की वीरेपुर शाखा में था। संगठन के अनुसार शाखा की ओर से दुर्घटना बीमा के तहत 40 लाख रुपये का क्लेम भेजा गया था और कई बार रिमाइंडर भी दिए गए, लेकिन अब तक परिवार को क्लेम की धनराशि का भुगतान नहीं किया गया।
परिवार को बार-बार बुलाने के बावजूद नहीं हुआ भुगतान
संगठन का आरोप है कि क्लेम के संबंध में परिवार के सदस्यों को बार-बार बुलाया गया, लेकिन इसके बावजूद भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि बीमा कंपनी के अधिकारी की ओर से 20 प्रतिशत सुविधा शुल्क की मांग की गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक संगठन ने क्षेत्रीय प्रबंधक से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया, लेकिन संगठन के अनुसार बातचीत का कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। इसके बाद पदाधिकारियों ने मामले को लेकर आर-पार की लड़ाई की रणनीति तैयार की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
15 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
शिक्षक संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर स्वर्गीय सत्यदेव वर्मा के दुर्घटना बीमा क्लेम का भुगतान नहीं किया गया तो क्षेत्रीय कार्यालय के साथ ही सभी संबंधित शाखाओं पर घेराव, धरना और प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति के लिए बैंक पूरी तरह जिम्मेदार होगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले को लेकर जिले के शिक्षकों में काफी आक्रोश है। शिक्षकों का कहना है कि स्वर्गीय शिक्षक के परिवार को लंबे समय से क्लेम की धनराशि का इंतजार करना पड़ रहा है और इसे लेकर अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मंडल मंत्री श्री मोहित प्रकाश सिंह, जिला मंत्री श्री अनिल कुमार सिंह, मंडल कोषाध्यक्ष सुधाकर सिंह, अनूप तिवारी, गौरव सिंह, कृष्ण कुमार सोनी, राम सेवक, पुनीत, सतीश चौधरी, राम कृष्ण सिंह, सूर्य भान राम, अरुण कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

