Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

नवागत कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय के स्वागत में कर्मचारी संगठनों द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित

बरेली,01 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के नवनियुक्त कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् आज विश्वविद्यालय के मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति कार्यालय के प्रथम तल पर स्थित एसोसिएशन सभागार में एक विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजबहादुर ने कुलपति महोदय को पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। तत्पश्चात् एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों ने भी पुष्प-गुच्छ अर्पित कर कुलपति जी का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी श्री विनोद कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव तथा कुल सचिव श्री महेंद्र सिंह ने कुलपति जी के प्रति स्वागतोद्बोधन व्यक्त किया एवं उनके दूरदर्शी नेतृत्व में विश्वविद्यालय की उन्नति की आशा प्रकट की।

अपने संबोधन में कुलपति प्रोफेसर अनिल कुमार राय ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा, “यदि हम सब मिलकर एकजुट होकर कार्य करेंगे, तो विश्वविद्यालय निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रहेगा।”

उन्होंने संतुलन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के मतभेद की स्थिति में संयम एवं संतुलन बनाए रखना चाहिए। कुलपति जी ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता छात्रहित में लिए गए निर्णय होने चाहिए, क्योंकि “विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी पूंजी उसके छात्र ही हैं।”

अपने प्रेरणाप्रद व्याख्यान में प्रोफेसर राय ने जीवन में सकारात्मकता एवं प्रसन्नता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हर परिस्थिति में प्रसन्न रहना ही अंतिम लक्ष्य होना चाहिए। आपसी मेल-मिलाप, एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी होना तथा ‘मैं’ की भावना से ऊपर उठकर सामूहिकता को अपनाना ही सच्ची प्रसन्नता का मार्ग है।”

उन्होंने “सर्वे भवन्तु सुखिनः” (सभी सुखी रहें) के वैदिक दर्शन को आत्मसात करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि यदि हम स्वयं सहज और सरल बनेंगे, तो संपूर्ण वातावरण सरल और सहज हो जाएगा।

कुलपति जी ने बच्चों को आत्मनिर्भर बनने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि “जीवन में ‘चेहरे पर चेहरा’ (मुस्कान और सकारात्मकता) के सिद्धांत को अपनाकर निरंतर आगे बढ़ा जा सकता है।” उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ शारीरिक क्षमताएँ कमजोर हो सकती हैं, परंतु मस्तिष्क निरंतर सशक्त होता रहता है, अतः अनुभव और विवेक का सदुपयोग करना चाहिए।

अंत में उन्होंने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं दायित्वबोध के साथ अपने कार्यों के निष्पादन की अपील की।

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री रणजीत सिंह एवं श्री हितेश तीखा ने किया। इस अवसर पर उप कुल सचिव श्रीमती ममता सिंह, श्रीमती सुनीता यादव, सहायक कुलसचिव श्री लखपत राम भंडारी, मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजबहादुर, श्री राम प्रीत, श्री महेश चंद जोशी, श्री सुधाकर मौर्य, श्री तपन कुमार वर्मा, श्री सुधांशु शर्मा सहित विश्वविद्यालय के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

यह आयोजन विश्वविद्यालय परिवार की एकजुटता, सौहार्द एवं नवीन ऊर्जा के संचार का साक्षी बना।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be