वंदे मातरम् विवाद पर अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘कांग्रेस ने देश विरोधी फैसला लिया, तुष्टीकरण के लिए गीत के किए टुकड़े’
नई दिल्ली: वंदे मातरम् को लेकर जारी सियासी विवाद के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। शाह ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के फैसले को देश विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् के दो छंद गाने का फैसला लेकर तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने 1937 में मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए ऐसा फैसला लिया, जिसने देश के विभाजन की नींव रखी। उनके मुताबिक, इसके बाद दो राष्ट्र के सिद्धांत को मजबूती मिली और आगे चलकर देश का विभाजन हुआ तथा पाकिस्तान का जन्म हुआ। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस की उस ऐतिहासिक गलती को सुधारने का काम किया है।

मोदी सरकार ने पूरा वंदे मातरम् गाने का लिया फैसला
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने पुरानी गलती को सुधारते हुए पूरा वंदे मातरम् गाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत को पूरा गाने के निर्णय को कानूनी रूप भी दिया गया है।
शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इसकी अवहेलना करने का फैसला लिया है, जो उसकी तुष्टीकरण की नीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर रचना का अपमान किया है। साथ ही उन्होंने उन शहीदों के अपमान का भी आरोप लगाया, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में वंदे मातरम् का नारा लगाते हुए बलिदान दिया या वर्षों तक जेल में रहे।
‘कांग्रेस 1937 के प्रस्ताव को मान रही, संसद के कानून को नहीं’
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस आज 1937 के अपने पुराने प्रस्ताव को मान रही है, लेकिन संसद द्वारा बनाए गए कानून को स्वीकार नहीं कर रही। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पर फिर से तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
शाह ने कहा कि देश पहले भी वंदे मातरम् को दो हिस्सों में बांटने की गलती कर चुका है और उसके परिणाम भुगत चुका है। उन्होंने देशवासियों से कांग्रेस के इस फैसले के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति अब नहीं चलेगी। भाजपा ने भी कांग्रेस के फैसले की निंदा की है।
कांग्रेस बोली- असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश
अमित शाह और भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक, चंदा चोरी और अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है।
वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस 1937 से वंदे मातरम् गाती आ रही है और इसमें नया क्या है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों ही कांग्रेस के लिए भावनात्मक महत्व रखते हैं, क्योंकि दोनों भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा रहे हैं। वेणुगोपाल ने भाजपा पर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की जानकारी नहीं होने का आरोप लगाया।

