Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

UP SI भर्ती में सख्ती का बड़ा संदेश! गोण्डा में SP विनीत जायसवाल ने DV-PST व्यवस्थाओं का लिया जायजा, CCTV और बायोमैट्रिक निगरानी पर खास जोर

गोण्डा : उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 के तहत अभिलेखों की संवीक्षा (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने सोमवार को पुलिस लाइन में तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए भर्ती बोर्ड का निरीक्षण किया और अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार, बायोमैट्रिक सत्यापन स्थल, होल्डिंग एरिया, बैठने की व्यवस्था तथा डीवी/पीएसटी स्थल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

नियमों के अनुरूप ही होगी पूरी प्रक्रिया

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षण संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिलेखों की संवीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप ही कराया जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

साथ ही संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति सतर्क, जिम्मेदार और पारदर्शी तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके।

134 अभ्यर्थी लेंगे भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा

पुलिस उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण की प्रक्रिया जनपद गोण्डा में 15 जून से 16 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है। इस चरण में कुल 134 अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिनमें 15 महिला और 119 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।

भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 9:15 बजे से शुरू होकर कार्य समाप्ति तक संचालित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत किसी भी आपत्ति की जांच एवं उस पर निर्णय की कार्रवाई सायंकाल नोडल अधिकारी अथवा अपीलीय अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

CCTV निगरानी और गोपनीय टीमें रहेंगी सक्रिय

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए डीवी/पीएसटी स्थल की लगातार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा भर्ती की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से गोपनीय एवं ओपन दोनों प्रकार की विशेष टीमें भी सक्रिय कर दी गई हैं, जो पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------