Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी सेपकटाकड़ा प्रतियोगिता में रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय को कांस्य पदक

बरेली, 07 अप्रैल। सत्र 2025–26 के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी सेपकटाकड़ा (पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 14 मार्च 2026 तक असम विश्वविद्यालय, असम में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की प्रतिभाशाली टीमों के बीच हुए इस प्रतिष्ठित मुकाबले में विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वाड्रेंट इवेंट में कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विश्वविद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि में योगेश पांडेय (R.P.D.C. मीरगंज, बरेली), जतिन सिंह (खुसरो पीजी कॉलेज, बरेली), आर्यन यादव (खुसरो पीजी कॉलेज, बरेली), अश्मित कुमार (बाबा फरीद कॉलेज, फरीदपुर, बरेली), सतीश कुमार मौर्य (बाबा फरीद कॉलेज, फरीदपुर, बरेली) तथा उवेश खान (खुसरो पीजी कॉलेज, बरेली) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अद्भुत समन्वय, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए यह सफलता अर्जित की।

प्रतियोगिता में पदक जीतने के उपरांत विजेता खिलाड़ियों ने ट्रॉफी क्रीड़ा विभाग में क्रीड़ा सचिव प्रो. एस. एस. बेदी को भेंट की। इस दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और गर्व का विशेष माहौल देखने को मिला।

इस शानदार उपलब्धि पर कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान की पहचान को सुदृढ़ कर रहे हैं।

क्रीड़ा सचिव प्रो. एस. एस. बेदी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, टीम भावना और समर्पण से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है और भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा है।

इसी क्रम में रजिस्ट्रार श्री हरीश चंद्र ने भी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि यह उपलब्धि समस्त विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर डॉ. नीरज कुमार, डॉ. सन्दीप कुमार, डॉ इंद्रप्रीत कौर, डॉ इरम नईम, डॉ. विजय सिंहाल, श्री धर्मेन्द्र शर्मा, टीम प्रबंधक श्री लक्की एवं टीम प्रशिक्षक श्री दीपक उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय परिसर में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और उत्साह का वातावरण है तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने खिलाड़ियों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------