सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर! गोण्डा के विद्यालय में बच्चों को मिली हाउस ड्रेस, बीएसए बोले- अब शिक्षा का बन रहे आकर्षण केंद्र

गोण्डा: परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सरकारी स्कूल अब शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड परसपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में विद्यार्थियों को हाउस ड्रेस के रूप में लोअर और टी-शर्ट वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बच्चों को परिधान वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

बीएसए बोले- सरकारी विद्यालय अब रोल मॉडल बन रहे हैं
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी विद्यालय अब शिक्षा जगत में आकर्षण का केंद्र बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज परिषदीय विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसके चलते बच्चों को किताबों के ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय किसी भी रोल मॉडल से कम नहीं हैं।
हाउस ड्रेस वितरण से बच्चों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सीमा पांडेय और जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) राजेश सिंह ने भी विद्यार्थियों को हाउस ड्रेस वितरित की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से निजी विद्यालयों को मिल रही चुनौती
जिला समन्वयक राजेश सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालय अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और नवाचारों के दम पर निजी विद्यालयों को चुनौती दे रहे हैं। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सीमा पांडेय ने कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।

तीन महान विभूतियों के नाम पर बने हाउस
प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों की टी-शर्ट पर इस बार डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम हाउस, स्वामी विवेकानंद हाउस और सी.वी. रमन हाउस के नाम अंकित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शैक्षिक वातावरण, अनुशासित कार्यसंस्कृति और नवाचारों के कारण विद्यालय क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार, महेश कुमार सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
