Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

भूजल बचाने का गूंजा संकल्प! गोंडा में हजारों छात्र-छात्राओं ने लिया जल संरक्षण का प्रण, भूजल सप्ताह का हुआ समापन

गोण्डा: भूजल सप्ताह के समापन अवसर पर जनपद में जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पानी संस्थान की ओर से विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भविष्य की भूजल सुरक्षा के लिए जल संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को भूजल संरक्षण के प्रति जागरूक करना और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

कई शिक्षण संस्थानों में चला जागरूकता अभियान

भूजल सप्ताह के तहत विकासखंड पंडरी कृपाल स्थित श्री सतीश चंद्र स्मारक शिक्षण संस्थान, रुपईडीह के राम प्यारे प्रशिक्षण संस्थान तथा मनकापुर के राजकीय हाईस्कूल मछलीगांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने जल संरक्षण की शपथ ली।

प्रतिभागियों ने वर्षा जल संचयन को अपनाने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा अपने परिवार और समाज को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

भूजल स्तर में गिरावट पर जताई चिंता

पंडरी कृपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पानी संस्थान के जिला प्रबंधक राजीव मिश्र ने सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लगातार गिरता भूजल स्तर भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि अभी से प्रभावी प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले वर्षों में जल संकट और अधिक गंभीर रूप ले सकता है।

उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और जल के जिम्मेदार उपयोग को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने पर दिया जोर

मनकापुर में आयोजित कार्यक्रम में ज्ञान प्रकाश ने किसानों को पानी की बचत के लिए आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक सिंचाई की तुलना में ड्रिप (टपक) और स्प्रिंकलर (फव्वारा) सिंचाई प्रणाली के उपयोग से पानी की काफी बचत की जा सकती है और जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव है।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में बीरेंद्र कुमार, नीली मेहता, प्रभात मिश्रा, विमलेश मोहित, जितेंद्र, अनुविन्द, रीना, सांगीता देवी, प्रिया श्रीवास्तव और अंकिता मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, ग्रामीण और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------