421 करोड़ की सौगात लेकर आगरा आएंगे CM योगी, दो दिवसीय दौरे में करेंगे विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 और 26 जुलाई को दो दिवसीय आगरा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 421 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी करेंगे।

प्रशासन ने तेज की तैयारियां
हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी जिला प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर आयोजन स्थलों तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
टाटा मैदान में होगी जनसभा
प्रशासनिक तैयारियों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जुलाई को शाम करीब चार बजे विमान से खेरिया सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। बरसात के मौसम को देखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जनसभा में करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल के पास हेलिपैड भी तैयार किया जा रहा है।
विकास प्रदर्शनी का करेंगे अवलोकन
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस दौरान योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए जाएंगे, जबकि नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

भाजपा के जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाहा के अनुसार, जनसभा के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी आगरा में ही प्रस्तावित है।
विश्वविद्यालय में कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत
26 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर पहुंचेंगे। यहां शिवाजी मंडपम सभागार में शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन इस अवसर पर सामाजिक सरोकार, नवाचार, शैक्षणिक विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित करेगा।
स्थानीय अवकाश के बावजूद जारी रहेंगी तैयारियां
26 जुलाई को अबुल उल्लाह दरगाह के उर्स के अवसर पर आगरा में स्थानीय अवकाश घोषित है, लेकिन मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और विश्वविद्यालय से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए यह अवकाश प्रभावी नहीं रहेगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। खेरिया सिविल एयरपोर्ट, जनसभा स्थल, सर्किट हाउस, विश्वविद्यालय परिसर और पूरे भ्रमण मार्ग पर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। वहीं नगर निगम भी संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, पेचवर्क, विद्युत व्यवस्था सुधार, डिवाइडरों की मरम्मत और रंगाई-पुताई जैसे कार्यों को तेजी से पूरा करा रहा है।
