निजी स्कूल शिक्षकों के लिए कैशलेस इलाज की मांग तेज! गोण्डा में वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक फाउंडेशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

गोण्डा: उत्तर प्रदेश वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक फाउंडेशन ने निजी विद्यालयों के शिक्षकों को भी सरकारी शिक्षकों की तर्ज पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। इसी क्रम में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को गोण्डा में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

चारों तहसीलों में सौंपा गया ज्ञापन
फाउंडेशन की ओर से जनपद की सभी चारों तहसीलों में भी ज्ञापन अभियान चलाया गया। गोण्डा सदर में जिला उपाध्यक्ष खेमचंद ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। वहीं मनकापुर में जिला महामंत्री ऐश्वर्य प्रियदर्शी के नेतृत्व में, तरबगंज में अशोक तिवारी और सुनील मिश्रा की अगुवाई में तथा कर्नलगंज में प्रदेश संयोजक एस.पी. गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। अन्य तहसीलों में संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारियों को मांगपत्र सौंपा।
निजी शिक्षकों को भी मिले कैशलेस चिकित्सा सुविधा
ज्ञापन में मांग की गई कि जिस प्रकार सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलता है, उसी प्रकार प्रदेश के सभी निजी एवं वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए। संगठन का कहना है कि निजी विद्यालयों के शिक्षक भी शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें भी समान स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री तक भेजने का मिला आश्वासन
फाउंडेशन के पदाधिकारियों के अनुसार विभिन्न तहसीलों में उपजिलाधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि संगठन की मांग को प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश संयोजक सत्य प्रकाश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष खेमचंद, जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारती, जिला सलाहकार डॉ. अशोक शुक्ला, जिला महामंत्री ऐश्वर्य प्रियदर्शी, नीलम प्रकाश पाठक, अभिषेक सिंह, अनिल कुमार पांडे, अजय कुमार वर्मा, राजेश कुमार खन्ना, इंद्रमणि वर्मा, बलराम, बुद्ध प्रकाश मौर्य, परवेज आलम, जावेद आलम, जगदीश लेखक, सत्य प्रकाश मौर्य सहित बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंधक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
