Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

घाघरा नदी ने बढ़ाई गोण्डा की चिंता! खतरे के निशान से सिर्फ 17 सेंटीमीटर नीचे जलस्तर, 28 बाढ़ चौकियां हाई अलर्ट पर

गोण्डा: जनपद में घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। बुधवार सुबह 10:30 बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 17 सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया। नदी के उफान पर होने से तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रशासन ने हालात पर कड़ी नजर रखते हुए करनैलगंज और तरबगंज तहसील क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है।

तटीय इलाकों में प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए करनैलगंज और तरबगंज के उपजिलाधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार तटीय गांवों का दौरा कर रहे हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर की 24 घंटे निगरानी की जा रही है और जनपद की सभी 28 बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय कर हाई अलर्ट पर रखा गया है।

एक दर्जन से अधिक गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

घाघरा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण करनैलगंज और तरबगंज तहसील के एक दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की आशंका की जद में आ गए हैं। तटीय क्षेत्रों में नदी अस्थायी मकानों और कृषि भूमि का तेजी से कटान कर रही है। सबसे अधिक कटान नवाबगंज क्षेत्र में दर्ज किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

बैराजों से छोड़े गए लाखों क्यूसेक पानी से बढ़ा जलस्तर

नदी में जलस्तर बढ़ने का प्रमुख कारण विभिन्न बैराजों से छोड़ा गया पानी बताया जा रहा है। बुधवार सुबह 10 बजे तक कुल 2,73,798 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसमें गिरजा बैराज से 1,23,073 क्यूसेक, शारदा बैराज से 1,46,172 क्यूसेक और सरयू बैराज से 4,553 क्यूसेक पानी शामिल है।

बाढ़ विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट

बाढ़ खंड विभाग के अधिशासी अभियंता जय सिंह ने बताया कि नेपाल की ओर से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शाम तक नदी खतरे के निशान के और करीब पहुंच सकती है, इसलिए विभाग पूरी तरह हाई अलर्ट पर है।

उन्होंने बताया कि तटीय क्षेत्रों के लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। साथ ही सभी तटबंध सुरक्षित हैं और उन पर चल रहे आवश्यक कार्यों को हर हाल में शाम तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------