बिजनेस

‘ई-दाखिल’ पोर्टल देशभर में सक्रिय, उपभोक्ता अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए सरकार का कदम

नई दिल्ली : उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज करने की सस्ती, त्वरित और बाधारहित व्यवस्था के तौर पर ‘ई-दाखिल’ पोर्टल सभी राज्यों (States) और केंद्रशासित प्रदेशों में सफलतापूर्वक शुरू हो गया है। सरकार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही सरकार ने यह भी बताया है कि वह ‘ई-जागृति’ पोर्टल (‘E-Jagriti’ Portal) लाने की दिशा में भी प्रयासरत है। यह पोर्टल मामला दर्ज करने, उनकी प्रगति की निगरानी व प्रबंधन को सुव्यवस्थित करेगा। इससे उपभोक्ताओं और अन्य हितधारकों के लिए परेशानी-मुक्त अनुभव सुनिश्चित को सकेगा।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लद्दाख में हाल ही में (22 नवंबर को) ई-दाखिल पोर्टल को पेश किए जाने के साथ ही यह ऑनलाइन शिकायत मंच अब पूरे भारत में उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध है। पहली बार सात सितंबर, 2020 को शुरू किए गए ई-दाखिल पोर्टल को उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रक्रिया को कारगर बनाने के लिए विकसित किया गया है। यह उपभोक्ताओं को संबंधित उपभोक्ता अदालत तक पहुंचने के लिए एक कुशल और सुविधाजनक तरीका मुहैया कराता है। फिलहाल 2,81,024 उपयोगकर्ता ई-दाखिल पोर्टल पर पंजीकृत हैं और कुल 1,98,725 मामले दर्ज किए गए हैं। इसमें से 38,453 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be