आईआईआरएफ 2026 रैंकिंग में एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय का शानदार प्रदर्शन : राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियाँ

बरेली, 01जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू), बरेली ने प्रतिष्ठित आईआईआरएफ (Indian Institutional Ranking Framework) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, प्रबंधन, आतिथ्य एवं खेल के क्षेत्रों में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किए हैं। विश्वविद्यालय की इन उपलब्धियों ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि एमजेपीआरयू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं समग्र छात्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सशक्त बना रहा है।

आईआईआरएफ 2026 रैंकिंग के अनुसार, विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान ने भारत के सर्वश्रेष्ठ सरकारी इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में अखिल भारतीय स्तर पर 130वीं रैंक प्राप्त की है। साथ ही, उत्तर प्रदेश के सरकारी इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में 16वाँ स्थान अर्जित कर तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।
प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राज्य विश्वविद्यालयों के अंतर्गत संचालित सर्वश्रेष्ठ एमबीए संस्थानों में एमजेपीआरयू को उत्तर प्रदेश में 7वीं रैंक प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि उद्योगोन्मुखी पाठ्यक्रम, अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक शिक्षण पद्धति तथा उत्कृष्ट प्लेसमेंट गतिविधियों का परिणाम है।
विश्वविद्यालय के होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी विभाग ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 34वीं रैंक प्राप्त की है। यह उपलब्धि विभाग की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा आतिथ्य उद्योग से सुदृढ़ सहभागिता का प्रमाण है।
खेलों के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने अपनी उत्कृष्ट पहचान बनाए रखते हुए स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय श्रेणी में अखिल भारतीय स्तर पर 20वीं तथा उत्तर प्रदेश में 4वीं रैंक प्राप्त की है। यह सफलता विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट खेल सुविधाओं, प्रशिक्षकों के समर्पण तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के उल्लेखनीय प्रदर्शन का परिणाम है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन उपलब्धियों का श्रेय उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल के प्रेरणादायी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन तथा उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उनके दूरदर्शी प्रयासों को दिया है। साथ ही, राजभवन एवं जन भवन के अधिकारियों द्वारा समय-समय पर दिए गए मार्गदर्शन, संस्थागत गुणवत्ता के अनुश्रवण तथा शैक्षणिक सुधारों के लिए निरंतर सहयोग को भी विश्वविद्यालय की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा— “आईआईआरएफ 2026 में प्राप्त ये उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक प्रतिबद्धता, परिश्रम और उत्कृष्टता के प्रति हमारे सतत प्रयासों का परिणाम हैं। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी और शोध-आधारित शिक्षा प्रदान करना है। हम शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा खेल उत्कृष्टता के माध्यम से महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय को देश के अग्रणी बहुविषयक विश्वविद्यालयों में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।”
कुलपति प्रो. सिंह ने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, पूर्व छात्रों तथा सहयोगी संस्थानों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय एवं वैश्विक रैंकिंग में और अधिक ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय परिवार बल्कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा जगत के लिए गर्व, प्रेरणा और विश्वास का प्रतीक है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
