Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

‘किसानों को मिल रहा सिर्फ आश्वासन, MSP पर सरकार मौन’… राष्ट्रीय किसान सभा इंडिपेंडेंट ऑर्गेनाइजेशन ने यूपी सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ: राष्ट्रीय किसान सभा इंडिपेंडेंट ऑर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार लाल श्रीवास्तव ने किसानों के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से लेकर राष्ट्र निर्माण तक किसानों और अन्नदाताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है, लेकिन आज भी किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल नहीं मिल पा रहा है।

स्वामी सहजानंद सरस्वती और शास्त्री जी को किया याद

अपने बयान की शुरुआत करते हुए विजय कुमार लाल श्रीवास्तव ने स्वामी सहजानंद सरस्वती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने “जय जवान, जय किसान” के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विकास और खाद्य सुरक्षा की नींव किसानों के परिश्रम पर टिकी हुई है।

‘कॉरपोरेट नीतियों से किसानों की हालत नहीं सुधर रही’

राष्ट्रीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान दौर में नव-सम्राज्यवाद और कॉरपोरेट केंद्रित नीतियों के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को वास्तविक राहत देने के बजाय केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि उनकी आय और खेती से जुड़ी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

MSP को कानूनी दर्जा देने की मांग दोहराई

उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाती दिखाई नहीं दे रही है।

आलू किसानों की स्थिति पर उठाए सवाल

विजय कुमार लाल श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आलू किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि सरकार किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी दाम दिलाने में सफल नहीं रही है, जिससे किसानों की आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।

‘किसान खुशहाल हुए बिना विकास अधूरा’

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की समृद्धि के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी योजनाओं का अभाव है। जब तक उत्तर प्रदेश का किसान आर्थिक रूप से मजबूत और खुशहाल नहीं होगा, तब तक प्रदेश के समग्र विकास की बात करना वास्तविकता से दूर होगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------