किसानों का 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन, अमेरिका से मुक्त व्यापार समझौता खत्म करने समेत कई मुद्दे उठाए

गोण्डा: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा जिला कौंसिल गोण्डा, उत्तर प्रदेश की ओर से सोमवार 10 अगस्त 2026 को धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिलाध्यक्ष दीनानाथ त्रिपाठी ने किया। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

एमएसपी और कर्जमाफी समेत प्रमुख मांगें उठाईं
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौता समाप्त करने की मांग की। इसके साथ ही सभी फसलों की खरीद की गारंटी के साथ एमएसपी को सी2+50 प्रतिशत के आधार पर निर्धारित करने की मांग रखी गई। किसानों ने कर्जमाफी और आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने की भी मांग की।
चारों श्रम संहिताएं निरस्त करने की मांग
किसान सभा ने चारों श्रम संहिता कानूनों को निरस्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की। इसके अलावा मनरेगा को बहाल कर 200 दिन के श्रम दिवस सृजित किए जाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने बिजली के निजीकरण को रोकने की मांग भी उठाई।
आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय का मुद्दा

प्रदर्शन के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं को 31 हजार रुपये प्रतिमाह पारिश्रमिक दिए जाने की मांग की गई। किसानों ने जबरन भूमि अधिग्रहण रोकने और पेशा कानून के तहत भूमि अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
खाद की कालाबाजारी रोकने की मांग
किसान सभा ने जनपद में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र के किसानों को तत्काल मुआवजा दिए जाने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई।
प्रदर्शन में किसान सभा के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में राम किशोर, कल्लू शाह, राम किशोर भारती, मोहित तिवारी, जमाल अहमद, राजीव कुमार, मोबीन खां, शतीस चन्द्र, तिलक राम, दशरथ और मीना समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन की अगुवाई उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिला मंत्री अरूण तिवारी ने की।
