Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद बना महिलाओं के लिए त्वरित न्याय का मंच, 35 शिकायतों का हुआ निस्तारण

गोण्डा: देवीपाटन मण्डल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” में महिलाओं की विभिन्न समस्याओं और जनशिकायतों की सुनवाई की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

पुरानी शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति से आयुक्त को अवगत कराया। ग्राम रमवापुर गोविन्दा निवासी श्रीमती शुफ़िया बनो पुत्री मो० रज्जाक की पात्र गृहस्थी योजना से संबंधित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उनका राशन कार्ड बना दिया गया है।

इसी तरह ग्राम किंधौरा पूरे जयपत्तर, थाना तरबगंज, तहसील तरबगंज, जनपद गोण्डा निवासी श्रीमती नीलम पत्नी छबूलाल के दोनों पक्षों के बीच चल रहे आपसी विवाद का सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराया गया।

भूमि विवाद में पैमाइश के बाद शुरू हुआ निर्माण

ग्राम चौधरी पुरवा, मौजा हीरापुर कमियार, थाना कर्नलगंज, जनपद गोण्डा निवासी श्रीमती सरस्वती पत्नी श्री गंगाराम की भूमि से जुड़ी शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार उनके हिस्से की भूमि की पैमाइश कराए जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।

वहीं, तहसील तरबगंज के ग्राम किंधौरा पूरे जयपत्तर निवासी नीलम की सीमा विवाद से जुड़ी शिकायत का भी निस्तारण कराया गया। तहसीलदार की जांच में भूमि की सीमा को लेकर विवाद की पुष्टि हुई थी। इसके बाद राजस्व अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौता कराया, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया। प्रशासन के मुताबिक वर्तमान में दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद शेष नहीं है।

राशन कार्ड से लेकर भूमि विवाद तक मामलों में कार्रवाई

मण्डल प्रशासन के अनुसार “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का प्रभावी मंच बनकर सामने आया है। इस संवाद के माध्यम से राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, वरासत, भूमि विवाद, घरेलू उत्पीड़न, पेंशन समेत विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शिकायतों पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई से महिलाओं को शीघ्र राहत मिल रही है और प्रशासन के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हो रहा है।

एक दिन में 35 शिकायतों का निस्तारण

सोमवार को आयोजित माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद में कुल 35 शिकायतों का निस्तारण किया गया। आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की जनशिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------