Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

खरगूपुर में हिंद हॉस्पिटल का नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर, 145 लोगों की हुई जांच

गोंडा। नगर पंचायत खरगूपुर में हिंद मेडिकल कॉलेज एवं हिंद हॉस्पिटल के तत्वावधान में नगर पंचायत अध्यक्ष ममता रस्तोगी और पूर्व अध्यक्ष राजू (राजीव) रस्तोगी के सहयोग से विशाल नि:शुल्क हृदय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. शरद श्रीवास्तव और डॉ. राहुल वर्मा ने कुल 145 लोगों का हृदय संबंधी परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों की ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श भी पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया।

वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हृदय रोग केवल शारीरिक समस्या नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। तनाव, असंतुलित खान-पान और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही परामर्श से हृदय रोगों की गंभीरता को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और छोटी-छोटी अच्छी आदतों के जरिए दिल को स्वस्थ रखने की अपील की।

डॉ. राहुल वर्मा ने कहा कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित भोजन और बढ़ता तनाव हृदय रोगों के मामलों में लगातार वृद्धि का कारण बन रहे हैं। ऐसे में समय-समय पर हृदय की जांच कराना और आवश्यक सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।

वहीं डॉ. शरद श्रीवास्तव ने लोगों को संतुलित आहार अपनाने, तैलीय एवं जंक फूड से दूरी बनाने, फल और हरी सब्जियों का अधिक सेवन करने तथा प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट टहलने या योग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष राजीव रस्तोगी ने कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए बेहद लाभदायक साबित होते हैं। ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिलना एक सराहनीय पहल है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ममता रस्तोगी ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

शिविर के दौरान लोगों को हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिंद हॉस्पिटल की ओर से राघवेंद्र द्विवेदी, रवि अली, एकांश, कामनी सिंह, हरिशंकर तिवारी, शैफ, बसंत श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव तथा हॉस्पिटल के पीआरओ पंकज सिन्हा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------