Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन


बरेली,28अप्रैल।एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आज दिनांक 28 अप्रैल 2026 को खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय राज्यपाल महोदय की प्रेरणा एवं माननीय कुलपति महोदय के मार्गदर्शन में गुजरात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत किया जा रहा है, जो 1 मई 2026 तक जारी रहेगा।
आज आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद एवं कुश्ती शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं में छात्रों एवं छात्राओं दोनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर खेल सचिव प्रो. एस. एस. बेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं।
सहायक खेल सचिव डॉ. विजय सिंघल एवं डॉ. अजीत सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कैंपस सचिव डॉ. नीरज कुमार एवं डॉ. इंदरप्रीत कौर, रजिस्ट्रार श्री हरीश चंद तथा परीक्षा नियंत्रक श्री संजीव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोच श्री धर्मेंद्र शर्मा, श्री आदर्श गंगवार, श्री रणदीप एवं श्री राजू का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। साथ ही कार्यालय प्रभारी श्री रामप्रीत एवं अन्य समस्त स्टाफ का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।

यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच बना, बल्कि उन्हें अपने अंदर छिपी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर भी प्रदान किया। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------