Sunday, March 22, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

लखीमपुर खीरी : दो घरों में भीषण आग से पांच साल की बच्ची की मौत, स्कूल में आग से दो वाहन भी खाक


लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर में बुधवार रात भीषण आग की घटना में पांच साल की बच्ची की झुलसकर मौत हो गई, वहीं चार बकरियां भी जल गईं। घटना में दो घर पूरी तरह खाक हो गए और 15 क्विंटल गेहूं व 20 हजार रुपये नकद समेत घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

गांव निवासी रामस्वरूप बहेलिया ने बताया कि रात में अचानक आग लगी, जिसे परिवार ने किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलते समय देखा। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक आग डगरू के घर तक पहुंच चुकी थी।
रामस्वरूप की बेटी, जो घर में थी, झुलसकर दम तोड़ बैठी।

पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हल्का लेखपाल ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है।
आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मैगलगंज में स्कूल में लगी आग, दो वाहन जलकर राख
थाना क्षेत्र मैगलगंज के खखरा गांव स्थित फ्यूचर चैम्प पब्लिक स्कूल में गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे स्कूल परिसर में खड़ी एक मारुति वैन और एक इको गाड़ी पूरी तरह जल गईं।
घटना करीब 2:15 बजे, बच्चों की छुट्टी के बाद हुई।
धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्कूल के गैरेज में खड़ी दोनों गाड़ियां जल चुकी थीं।

आग से स्कूल की इमारत में दरारें भी आ गई हैं, हालांकि कोई जानमाल की हानि नहीं हुई।
आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में आग से सतर्कता बरतें, बिजली के उपकरण और जलते चूल्हों के आसपास विशेष ध्यान रखें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

---------------------------------------------------------------------------------------------------