स्वतंत्रता दिवस पर डीएम प्रियंका निरंजन ने किया ध्वजारोहण और पौधारोपण, बाबा साहब की प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन

गोण्डा: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक चेतना का संदेश दिया। उन्होंने कैंप कार्यालय और कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने स्वच्छ, हरित और सुंदर गोण्डा के निर्माण की दिशा में सभी से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इसके बाद जिलाधिकारी नगर स्थित अंबेडकर चौराहे पहुंचीं, जहां उन्होंने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने बाबा साहब के सामाजिक समरसता और संविधान से जुड़े विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनसेवा में योगदान देने की अपील की।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं और अध्यापिकाओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और सभी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, अपर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी विनीत कुमार, अपर उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
