Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

स्वतंत्रता दिवस पर मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने किया ध्वजारोहण, देश की एकता-अखंडता की रक्षा का दिलाया संकल्प

गोण्डा: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवीपाटन मंडल की मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

मंडलायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और सर्वोच्च बलिदान के कारण देशवासियों को स्वतंत्र भारत में रहने का गौरव प्राप्त हुआ है। अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि सभी लोग अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोगों ने भी अपने विचार साझा किए और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर मंडलायुक्त ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रतिभागी छात्राओं को फोल्डेबल स्टैंडिंग टेबल वितरित कीं। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन मीनू राणा, संयुक्त विकास आयुक्त राकेश पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्तागण और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------