Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय द्वारा मेरी मां विषय पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

बरेली,17 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के 24 वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर माननीय कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल  जी तथा माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह  जी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय द्वारा विद्यालयों में विशेष विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। मेरी मां विषय पर प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश जनभवन, लखनऊ द्वारा प्राप्त हुए है। इस विषय पर चित्रकला, निबंध , भाषण एवं कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान, त्याग, ममता एवं प्रेरणा को अत्यंत भावपूर्ण एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत कर सभी को भाव विभोर कर दिया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में मातृ सम्मान, पारिवारिक मूल्यों, संवेदनशीलता, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा भारतीय सांस्कृतिक आदर्शों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि माँ केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि जीवन की प्रथम गुरु और सबसे बड़ी प्रेरणा होती हैं।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने अपने संदेश में कहा कि माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना, त्याग और जीवन मूल्यों की प्रथम शिक्षिका होती हैं। ‘मेरी माँ’ जैसे विषय विद्यार्थियों को अपनी जड़ों, परिवार और भारतीय संस्कृति से जोड़ते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सृजनात्मकता, आत्मविश्वास तथा प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल का विकास करती हैं, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि आज मुड़िया अहमदनगर गाँव के विद्यालय में इस संवेदनशील विषय पर विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं रचनात्मकता के साथ सहभागिता की। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से माँ के प्रति श्रद्धा, प्रेम, त्याग और समर्पण की भावनाओं को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, समन्वयक प्रो. संजय गर्ग, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पाण्डेय , सांस्कृतिक समिति, श्री मती श्यामला, राहत अली ,शिक्षकों एवं छात्र- छात्राओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------