सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने की सतीश महाना से भेंट

विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी से आज सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन, कानपुर के अध्यक्ष श्री एस.पी. सिंह, महासचिव श्री अवनीश मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधि मंडल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश विधान सभा की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन की प्रक्रियाओं को नजदीक से समझना था।

विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विधायी व्यवस्था की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “विधायक हमेशा जनता के सबसे निकट होते हैं। इसी कारण उनकी जवाबदेही भी अधिक होती है और वे अक्सर आलोचना के केंद्र में आ जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अन्य संस्थाओं का जनता से प्रत्यक्ष संपर्क कम होता है, जबकि विधायिका सीधे जनता के बीच कार्य करती है। ऐसे में विधायिका के प्रति नकारात्मक सोच लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “जब नागरिक इस भव्य और ऐतिहासिक विधानसभा भवन का भ्रमण करते हैं और इसके स्वरूप, इतिहास एवं गरिमा को समझते हैं, तब सदन की वास्तविक महत्ता का अनुभव होता है। श्री महाना ने कहा कि हम सभी को मिलकर विधायिका के प्रति सकारात्मक धारणा विकसित करनी चाहिए। यद्यपि सभी चुनौतियों का तुरंत समाधान संभव नहीं है, परंतु भविष्य में सुधारों की दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक होंगे। मुझे विश्वास है कि 18वीं विधानसभा अपने कार्य, अनुशासन और योगदान के लिए आने वाले समय में विशेष रूप से उल्लेखित की जाएगी।”
-------------------------------------------------------------------------------------------
मुलाकात के उपरांत प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा परिसर का भ्रमण किया। विधानसभा स्टाफ ने उन्हें मुख्य सभा कक्ष, समिति कक्ष, सेंट्रल हॉल, प्रेस गैलरी एवं अभिलेखागार की संरचना और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रश्नकाल, विधेयक निर्माण, समितियों की भूमिका तथा विधान सभा की दैनिक कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को भी निकट से समझा।
प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भ्रमण अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरक और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति समझ को और गहरा करने वाला रहा। इस अवसर पर प्रमुख सचिव विधानसभा श्री प्रदीप कुमार दुबे समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

