EduRank 2026 रैंकिंग में एम.जे.पी. रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय की उपलब्धि उल्लेखनीय। भारत में 91वाँ तथा प्रदेश में 11वां स्थान

बरेली,09 जून।महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय (MJPRU) बरेली ने प्रतिष्ठित EduRank 2026 वैश्विक विश्वविद्यालय रैंकिंग में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त अकादमिक और शोध पहचान को और मजबूत किया है।
EduRank द्वारा जारी नवीनतम रैंकिंग के अनुसार विश्वविद्यालय को भारत के 876 विश्वविद्यालयों में 91वाँ स्थान, उत्तर प्रदेश के 79 विश्वविद्यालयों में 11वाँ स्थान तथा बरेली के विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। वैश्विक स्तर पर विश्वविद्यालय को 14,131 विश्वविद्यालयों में 2,953वाँ स्थान तथा एशिया के 5,830 विश्वविद्यालयों में 892वाँ स्थान हासिल हुआ है।
रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार विश्वविद्यालय का मूल्यांकन शोध उत्पादन, अकादमिक प्रभाव, गैर-शैक्षणिक प्रतिष्ठा तथा विशिष्ट पूर्व छात्रों के योगदान के आधार पर किया गया। विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं और शिक्षकों द्वारा प्रकाशित 2,977 शोध पत्रों तथा उनसे प्राप्त 26,823 उद्धरणों (Citations) ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्वविद्यालय को 102 शोध विषयों में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए मान्यता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, टॉक्सिकोलॉजी (Toxicology) विषय में भी विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा:
“EduRank 2026 में प्राप्त यह उपलब्धि विश्वविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पूर्व छात्रों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। यह रैंकिंग न केवल हमारे शोध एवं अकादमिक गुणवत्ता की अंतरराष्ट्रीय पहचान है, बल्कि हमें उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित भी करती है। विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान, नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग तथा वैश्विक साझेदारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अग्रणी शिक्षण एवं शोध संस्थान के रूप में स्थापित करना है।”
कुलपति ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के उद्देश्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा विश्वविद्यालय के हितधारकों को बधाई दी।
एम.जे.पी. रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गौरव का विषय है, बल्कि उत्तर प्रदेश और बरेली क्षेत्र की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि भविष्य में और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ विश्वविद्यालय राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करेगा।
एम.जे.पी. रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय विगत वर्षों में उत्तर भारत के अग्रणी राज्य विश्वविद्यालयों में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। विश्वविद्यालय सामाजिक विज्ञान, प्राकृतिक विज्ञान, प्रबंधन, विधि, शिक्षा, इंजीनियरिंग तथा स्वास्थ्य विज्ञान सहित अनेक विषयों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा एवं अनुसंधान को बढ़ावा दे रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के उद्देश्यों के अनुरूप विश्वविद्यालय ज्ञान, नवाचार एवं कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
EduRank 2026 में प्राप्त यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध उत्कृष्टता और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है। विश्वविद्यालय परिवार इस उपलब्धि को भविष्य की और भी बड़ी सफलताओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानता है।


बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
