Tuesday, June 9, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में प्रवेशार्थियों की सहायता हेतु विशेष प्रवेश हेल्प डेस्क पर विद्यार्थियों को दिया जा रहा मार्गदर्शन

बरेली,09 जून।माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह के निर्देशों के अनुपालन में महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में स्थापित विशेष प्रवेश सहायता हेल्प डेस्क (Special Admission Help Desk) के माध्यम से आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को लगातार सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. विनय ऋषिवाल ने बताया कि हेल्प डेस्क पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों, पात्रता, शुल्क संरचना, प्रवेश तिथियों, विभागीय सुविधाओं तथा अन्य शैक्षणिक जानकारियों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। हेल्प डेस्क पर नियुक्त शिक्षक एवं कर्मचारी अभ्यर्थियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य प्रवेशार्थियों को एक ही स्थान पर समस्त आवश्यक एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा प्रवेश प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं छात्रहितैषी बनी रहे।
माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सहज प्रवेश सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी जिज्ञासाओं का प्रभावी समाधान हो सके।
उल्लेखनीय है कि यह विशेष प्रवेश हेल्प डेस्क विश्वविद्यालय छात्र सहायता केन्द्र (USSC) में प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक संचालित की जा रही है, जहां विभिन्न विभागों के नामित शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान कर रहे हैं। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------