Sunday, August 2, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उर्स-ए-आला हजरत को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से इस्लामियाँ ग्राउण्ड एवं जामियातुर रजा मथुरापुर का किया निरीक्षण

बरेली, 31 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आज उर्स-ए-आला हजरत को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से इस्लामियाँ इण्टर काॅलेज ग्राउण्ड एवं सी0बी0 गंज स्थित जामियातुर रजा मथुरापुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने  इस्लामियाँ ग्राउंड में मंच, शौचालय, पानी, वॉच टावर, बैरीकेटिंग आदि को देखा। इसके अलावा उर्स स्थल के प्रवेश व निकास के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले गेट व लंगर की व्यवस्था को भी देखा। दरगाह पदाधिकारियों द्वारा प्रकाश, सफाई, पेयजल, सीवर से संबंधित समस्या बताई गयी। उक्त के उपरांत सी0बी0 गंज स्थित जामियातुर रजा मथुरापुर में निरीक्षण के दौरान नाले व ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग कराने तथा शौचालय आदि की व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि 06 से 08 अगस्त 2026 तक 108वां उर्स-ए-आला हजरत मनाया जाना प्रस्तावित है और नालों की सफाई, बैरिकेडिंग का कार्य हो चुका है। उन्होंने कहा कि रोड मरम्मत का कार्य, साफ-सफाई, बिजली का कार्य काफी हद तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि उर्स में आने वाले जायरीनों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो और जब वो यहां से लौटे तो अच्छी यादे लेकर जाएं। इस बार जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को जोन, सेक्टर जोन व सेक्टर में बांटा गया है और ड्यूटी भी लगा दी गयी है, जिससे पूर्व की भांति त्योहारों को सौहार्दपूर्ण व शांति तरीके से सम्पन्न हो। उन्होंने कहा कि कोई भी नई परम्परा ना डाली जाए और कोई ऐसा कार्य ना किया जाए कि किसी के विचारों को चोट पहुंचे।

जिलाधिकारी ने कहा कि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास में श्रावण का त्यौहार मनाया जाएगा और इसमें 03, 10, 17 व 24 अगस्त को चार श्रावण सोमवार पड़ रहे हैं। इसी बीच मुस्लिम भाईयों का भी 04 अगस्त को चेहल्लुम व 26 अगस्त को बारावफात का त्यौहार है इसके साथ 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि व 17 अगस्त को नागपंचमी का त्यौहार है। उन्होंने कहा कि सभी त्यौहारों के दृष्टिगत प्रशासन अलर्ट है और समस्त अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गयी है। हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि जो आस-पास के जनपदों से कांवड़ियां साथी आते हैं और बदायूं के कछला घाट से जल लाकर नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं उनको किसी प्रकार असुविधा ना हो, इसके लिए मंदिरों में स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गयी है। उन्होंने कहा कि जो मुख्य मार्ग हैं वहां पर बड़े-बड़े विश्राम गृह बनाए गए हैं और ठहरने के लिए उचित व्यवस्था की गयी है। विश्राम गृह में शुद्ध भोजन, पीने का पानी, मोबाईल टॉयलेट तथा मेडिकल कैम्प आदि की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि विद्युत पोलों पर प्लास्टिक शीट लगाने तथा ट्रांसफार्मरों की चारों तरफ बैरिकेडिंग करा दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद को जोड़ने वाले जितने भी मुख्य मार्ग हैं सभी पर बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा बहुत ही सुंदर गेट बनाए गए हैं जो नाथ नगरी के प्रमुख मंदिर हैं उनके नाम पर गेटों का नामकरण किया गया है और वहां पर बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा बहुत ही सुंदर, साज-सज्जा और लाइटिंग की गयी है। इसके साथ-साथ अपर जिलाधिकारी नगर व पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मुख्य मार्गों और जहां मिश्रित आबादी की बस्ती है वहां पर यह भी देखने में आ रहा है कि दोनों ही समुदाय के लोग एक-दूसरे के ऊपर पुष्प वर्षा करने के लिए तैयार हैं, यह एक सम्प्रदायिक, सौहार्द का प्रतीक है इसके साथ विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी हेलीकाप्टर के माध्यम से भी जनपद के समस्त नाथ मंदिरों और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण सौम्या पाण्डेय, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक यातायात मो0 अकमल खान, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------